बारिश से पहले प्रशासन अलर्ट: बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने दिए सख्त निर्देश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 6 मई 2026

बारिश से पहले प्रशासन अलर्ट: बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

बारिश से पहले प्रशासन अलर्ट: बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

आगरा। आगरा में मानसून को देखते हुए बाढ़ जैसी संभावित आपदा से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बाढ़ स्टेयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को बाढ़ चौकियों की स्थिति का निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त करने और वहां कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक चौकी पर कर्मचारियों के मोबाइल नंबर, संबंधित एसएचओ के संपर्क नंबर, गोताखोरों की सूची तथा नावों की उपलब्धता व उनके मालिकों के नंबर प्रदर्शित करने के लिए कहा गया।

नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को नालों की समय से सफाई कराने के निर्देश दिए गए, ताकि जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो। सिंचाई विभाग को नहरों की सफाई, सॉइल बैग की उपलब्धता सुनिश्चित करने, कंट्रोल रूम स्थापित करने और वाटर स्टेशनों पर ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए मेडिकल किट तैयार रखने को कहा गया, जिससे जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। वहीं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को पशुओं के टीकाकरण और भूसे की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने आपदा विशेषज्ञ शिवम कुमार मिश्रा को बाढ़ से संबंधित सभी टेंडर समय से पूर्ण कराने, कंट्रोल रूम स्थापित करने और जनपद में गोताखोरों की सूची तैयार करने के साथ SDRF एवं NDRF से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शुभांगी शुक्ला, सिंचाई विभाग के अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डीके पांडेय, विभिन्न तहसीलों के उपजिलाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य है कि संभावित बाढ़ की स्थिति में जनहानि और नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।

video

Pages