आगरा बन रहा ‘सोलर सिटी’: रोज 80 घरों में लग रहे रूफटॉप, पीएम सूर्य घर योजना में प्रदेश में 5वें स्थान पर
आगरा। आगरा में सौर ऊर्जा को लेकर तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है। शहर की छतों पर हर दिन करीब 80 घरों में सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाए जा रहे हैं, जिससे आगरा ‘सोलर सिटी’ बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत आगरा प्रदेश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
सोमवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि अप्रैल माह में जनपद में 2192 सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए हैं। कुल 18,384 लक्ष्य के सापेक्ष 15,840 सोलर प्लांट का निरीक्षण किया जा चुका है, जबकि करीब 2500 मामलों में निरीक्षण लंबित है।
इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए टोरेंट पावर और डीवीवीएनएल को निर्देश दिए कि लंबित निरीक्षण कार्य जल्द पूरा किया जाए। साथ ही सोलर वेंडरों की समस्याओं के समाधान के लिए एक अलग समर्पित विंडो खोलने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को भी कड़े निर्देश देते हुए कहा गया कि योजना के तहत मिलने वाले ऋण आवेदनों का निस्तारण 7 दिन के भीतर किया जाए, ताकि लाभार्थियों को समय पर सुविधा मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, नेडा के परियोजना अधिकारी खगेन्द्र सिंह, आगरा रिन्यूएबल एनर्जी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव जैसवाल सहित सोलर वेंडर्स और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ा जाए, जिससे न केवल बिजली बिल में राहत मिले, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जा सके।