स्मार्ट मीटर के खिलाफ सपा का जनआक्रोश, कलक्ट्रेट मार्च पर पुलिस से नोकझोंक
आगरा। आगरा में स्मार्ट मीटर के विरोध ने अब उग्र रूप ले लिया है। सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में निकाली गई जनआक्रोश रैली के दौरान हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। धौलपुर हाउस से कलक्ट्रेट तक पैदल मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बीच रास्ते में रोक लिया, जिससे नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
रैली की अगुवाई महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने की, जबकि राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने मशाल प्रज्वलित कर रैली की शुरुआत कराई। बड़ी संख्या में लोग “स्मार्ट मीटर वापस लो” और “बिजली शोषण बंद करो” जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
जैसे ही प्रदर्शनकारी धौलपुर हाउस गेट पहुंचे, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ता गेट पर चढ़ने लगे और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धक्का-मुक्की में कुछ कार्यकर्ता चोटिल भी हुए। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता से मनमानी वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि पहले जहां बिजली बिल ₹1500 तक आता था, अब वही ₹3000-₹4000 तक पहुंच रहा है, जबकि यूनिट और बिलिंग में पारदर्शिता नहीं है।
महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि यह आंदोलन जनता के हक और सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर स्मार्ट मीटर व्यवस्था वापस नहीं ली गई और बढ़े हुए बिलों की जांच नहीं हुई, तो पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी।
वहीं रामजी लाल सुमन ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए, जिससे शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई।