“सुलह से समाधान” का संदेश लेकर निकला प्रचार वाहन, 9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
आगरा। आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से मा. जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार मलिक ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन को रवाना किया। इस अवसर पर लोगों से लोक अदालत में पहुंचकर आपसी सुलह-समझौते के आधार पर अपने मामलों का त्वरित निस्तारण कराने की अपील की गई।
प्रचार वाहन जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, लाभ और इसमें निस्तारित होने वाले मामलों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा। वाहन के माध्यम से ध्वनि प्रसारण और प्रचार सामग्री द्वारा लोगों को जागरूक किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग लोक अदालत का लाभ उठा सकें।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक वसूली, बिजली-पानी के बिल, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम, राजस्व एवं अन्य सुलह योग्य मामलों का सरल, सस्ता और त्वरित समाधान किया जाएगा। लोक अदालत में न्यायालय शुल्क नहीं लगता और यहां होने वाला निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होता है।
कार्यक्रम के दौरान यह भी कहा गया कि लोक अदालत केवल मामलों के निस्तारण का माध्यम नहीं बल्कि समाज में भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देने का भी एक प्रभावी मंच है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे वर्षों से लंबित मामलों को आपसी समझौते के आधार पर समाप्त कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर न्यायिक अधिकारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।