सड़कों पर गूंजेगा नहीं शोर! ट्रैफिक पुलिस का मॉडिफाइड साइलेंसर और हूटर पर बड़ा एक्शन
आगरा। शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में जमुना किनारा स्थित हाथी घाट पर ट्रैफिक टीआई बलवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में टीएसआई संदीप चौधरी सहित ट्रैफिक पुलिस की टीम ने मॉडिफाइड साइलेंसर, अवैध हूटर और तेज आवाज करने वाले वाहनों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। जिन वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध हूटर लगे मिले, उनके चालान काटे गए और वाहन चालकों को सख्त चेतावनी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे उपकरण न सिर्फ ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं बल्कि आम लोगों की शांति और सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते हैं।
ट्रैफिक टीआई बलवीर सिंह ने कहा कि सड़क पर अनुशासन बनाए रखना हर वाहन चालक की जिम्मेदारी है। मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध हूटर का इस्तेमाल पूरी तरह गैरकानूनी है और ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति भी जागरूक किया गया।
ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि शहर में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि आम जनता को सुरक्षित और शांत यातायात व्यवस्था मिल सके।