9 मई को आगरा में लगेगी द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत, विभिन्न मामलों का होगा त्वरित निस्तारण
आगरा में लंबित मामलों के त्वरित और आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण के लिए 9 मई 2026 को द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन माननीय न्यायालय एवं दीवानी न्यायालय आगरा में किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रकार के वादों का समाधान सुलह-समझौते के माध्यम से किया जाएगा।
जारी सूचना के अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत में सेवा संबंधी मामले, आपराधिक शमनीय वाद, पारिवारिक विवाद, मोटरयान दुर्घटना अधिनियम से जुड़े मामले, बिजली एवं पानी से संबंधित विवाद, धारा 138 एनआई एक्ट के मामले, भू-राजस्व वाद तथा प्री-लिटीगेशन मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा ऐसे अन्य विवाद भी शामिल होंगे, जिनमें दोनों पक्ष आपसी सहमति और सद्भावना के आधार पर समझौते के लिए तैयार हों।
प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं। लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण कम समय और कम खर्च में संभव होता है, जिससे पक्षकारों को त्वरित न्याय मिल सके।