खेत में सज रही थी जुए की महफिल, बमरौली कटारा पुलिस ने दबिश देकर तीन जुआरी दबोचे
आगरा में अवैध गतिविधियों और सार्वजनिक जुए पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बमरौली कटारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद के पर्यवेक्षण में थाना बमरौली कटारा पुलिस क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नवामील से बिझामई जाने वाले मार्ग पर स्थित देशी शराब ठेके के सामने खाली पड़े खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से कुल 2550 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना बमरौली कटारा में मु0अ0सं0 061/26 धारा 13 जी सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।