आगरा नगर निगम में कांग्रेस का हल्ला बोल, भाजपाइयों से भिड़ंत के बीच जमकर हंगामा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 12 मई 2026

आगरा नगर निगम में कांग्रेस का हल्ला बोल, भाजपाइयों से भिड़ंत के बीच जमकर हंगामा

आगरा नगर निगम में कांग्रेस का हल्ला बोल, भाजपाइयों से भिड़ंत के बीच जमकर हंगामा

आगरा नगर निगम में सोमवार को जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नगर निगम परिसर में हल्ला बोल प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं का आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर खींचतान और धक्कामुक्की हुई।

बताया जा रहा है कि नगर निगम सदन की कार्यवाही शुरू होने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता जनसमस्याओं को लेकर नगर निगम पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि शहर की समस्याओं को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन करने के बावजूद जब कोई अधिकारी उनकी बात सुनने नहीं पहुंचा तो कार्यकर्ता नाराज हो गए।

गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सदन कक्ष के बाहर लगे चैनल गेट को तोड़कर अंदर जाने की कोशिश की और गेट पर चढ़कर नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेसियों के बीच आमना-सामना हो गया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और करीब 20 मिनट तक दोनों पक्षों में जमकर खींचतान और धक्कामुक्की होती रही।

हंगामा बढ़ता देख नगर निगम अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन और हंगामे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त को अपनी समस्याओं से अवगत कराया और फिर प्रदर्शन समाप्त कर लौट गए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि नगर निगम में जनता की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है। विरोध जताने के लिए कार्यकर्ताओं ने परिसर में भजन गाए और हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।

video

Pages