शादी समारोह में युवतियों से छेड़छाड़, विरोध करने पर मारपीट, मुकदमा दर्ज
आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब डीजे पर डांस कर रही युवतियों के साथ कुछ युवकों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लड़की पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी उससे पहले ही फरार हो गए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खंदौली क्षेत्र स्थित एक मैरिज होम में रविवार रात विवाह समारोह चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान कुछ युवतियां डीजे पर डांस कर रही थीं। आरोप है कि तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और युवतियों के साथ छेड़खानी करने लगे। इतना ही नहीं, उन्होंने अभद्रता और धक्कामुक्की भी की।
जब लड़की पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपी युवकों ने मारपीट शुरू कर दी, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
सोमवार को पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना खंदौली में आरोपी शिवम, करण, संदीप निवासी सादाबाद तथा रोहित निवासी बलदेव मथुरा सहित 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।