ऑटो में सवारी बनकर करते थे मोबाइल चोरी, हरीपर्वत पुलिस ने चार शातिर टप्पेबाज दबोचे - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 15 मई 2026

ऑटो में सवारी बनकर करते थे मोबाइल चोरी, हरीपर्वत पुलिस ने चार शातिर टप्पेबाज दबोचे

ऑटो में सवारी बनकर करते थे मोबाइल चोरी, हरीपर्वत पुलिस ने चार शातिर टप्पेबाज दबोचे

आगरा के थाना हरीपर्वत पुलिस ने मोबाइल चोरी और टप्पेबाजी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ऑटो में सवारी बनकर यात्रियों के बीच बैठते थे और मौका मिलते ही मोबाइल व कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 चोरी के मोबाइल फोन, 1200 रुपये नकद और बिना नंबर का एक ऑटो बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी नीरज शर्मा के निर्देशन में चौकी नेहरू नगर पुलिस और थाना हरीपर्वत की संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल चोरी और टप्पेबाजी करने वाला गिरोह इलाके में सक्रिय है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाविद, नाविद उर्फ मोटा, शाहिद उर्फ सोहेल और ऑटो चालक अरमान के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले बाजारों, चौराहों और सवारी वाहनों में यात्रियों को निशाना बनाते थे। गिरोह का ऑटो चालक अरमान सवारियों को बैठाता था, जबकि उसके साथी बातचीत, धक्का-मुक्की और भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के मोबाइल और नकदी पार कर देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साथ ही 1200 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल होने वाला बिना नंबर का ऑटो भी जब्त किया गया है। बरामद मोबाइलों के संबंध में पुलिस अन्य थानों से भी जानकारी जुटा रही है, जिससे गिरोह द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सके।

थाना हरीपर्वत पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

video

Pages