भाजपा की जीत पर आगरा में जश्न, ढोल-नगाड़ों के साथ मनाई खुशी
आगरा। आगरा में भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल, असम और पॉन्डिचेरी में जीत पर जोरदार जश्न मनाया गया। भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हुए और बड़े स्क्रीन पर चुनाव परिणामों का सीधा प्रसारण देखा। जैसे ही परिणाम स्पष्ट हुए, कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों पर थिरक उठे और आतिशबाजी के साथ मिष्ठान वितरण कर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर भाजपा के संस्थापक सदस्य श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनकी जन्मस्थली पश्चिम बंगाल में कमल खिलने पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मिली बड़ी जीत बताया।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य ने कहा कि यह जीत पश्चिम बंगाल के नए उदय का संकेत है और भाजपा की विजय की सुनामी पूरे देश में दिखाई दे रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” की नीति ने जनता का विश्वास जीता है।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने इस जनादेश को सुशासन और विकास पर जनता की मुहर बताया। वहीं भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर जनता ने भाजपा को समर्थन दिया है।
कार्यक्रम में विधायक जी. एस. धर्मेश सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इस जीत को ऐतिहासिक बताया।