होटल के कमरे में IPL सट्टेबाजी का भंडाफोड़: 4 गिरफ्तार, ₹43 हजार कैश व डिजिटल सबूत बरामद, 13 नामजद
आगरा। आगरा में आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने वाले गिरोह का ताजगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने होटल हावर्ड प्लाजा के कमरा नंबर 318 में रविवार रात छापा मारकर चार लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से ₹43,000 नकद, मोबाइल फोन, डायरी और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि होटल के कमरे में बैठकर आईपीएल मैचों पर सट्टेबाजी की जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने छापा मारा, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके से सुनील धाकड़ (अमरपुरा जगदीशपुरा), अनिल खेमियानी (शास्त्रीपुरम), मनीष (शास्त्रीपुरम) और राहुल मुदगल उर्फ लाला (केदारनगर शाहगंज) को गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान मोबाइल फोन की चैट और ऑडियो मैसेज से गिरोह के अन्य सदस्यों का खुलासा हुआ। राहुल के मोबाइल में “पीयूष भाई” के नाम से सेव नंबर पर पैसों के लेनदेन का विवरण मिला। वहीं “राजू वर्मा” के नाम से सेव नंबर पर भी ट्रांजैक्शन के साक्ष्य पाए गए। पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह सट्टा खेलने के लिए राधे मल्होत्रा से मोटी रकम लेता था।
इसके बाद पुलिस ने गोविंद नगर से पीयूष शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। डायरी, रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई गई।
एसीपी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान डिजिटल साक्ष्य भी बरामद हुए हैं और पूरे गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने कुल 13 लोगों को नामजद किया है, जिनमें पीयूष शर्मा, राजू वर्मा, राधे मल्होत्रा, अनिल कुमार शर्मा उर्फ अन्नी, संजय कालिया, राजीव चौपड़ा (बोदला), टोनी सिंधी, बोनी वकील और भारत पेशावानी (शाहगंज) सहित अन्य शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।