“रास्ता होता तो हमारे बच्चे भी पढ़-लिख जाते” — पुल और सड़क की मांग को लेकर महिलाओं का अनिश्चितकालीन धरना - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 15 मई 2026

“रास्ता होता तो हमारे बच्चे भी पढ़-लिख जाते” — पुल और सड़क की मांग को लेकर महिलाओं का अनिश्चितकालीन धरना

“रास्ता होता तो हमारे बच्चे भी पढ़-लिख जाते” — पुल और सड़क की मांग को लेकर महिलाओं का अनिश्चितकालीन धरना

आगरा के पिनाहट क्षेत्र में आज भी एक गांव ऐसा है जहां ग्रामीण चारपाई, ट्यूब और अस्थायी सहारों के जरिए नदी पार करने को मजबूर हैं। बाजार तक पहुंचने के लिए पक्का रास्ता न होने से ग्रामीणों का जीवन कठिन बना हुआ है। अब गांव की महिलाएं सड़क, पुल और सुरक्षित आवागमन की मांग को लेकर धरने पर बैठ गई हैं।

भारतीय किसान यूनियन जय हिंद के नेतृत्व में उटंगन नदी किनारे ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। ग्राम पंचायत अरनोटा के गांव सुखलालपुरा में घूंघट की ओट में बैठी महिलाओं ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संवेदनहीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर गांव में रास्ता होता तो उनके बच्चे भी पढ़-लिखकर आगे बढ़ पाते।

ग्रामीणों ने गांव तक पक्का मार्ग, उटंगन नदी पर पुल निर्माण और रेलवे अंडरपास बनाकर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि करीब एक हजार की आबादी वाला सुखलालपुरा गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। गांव जंगल के बीच स्थित है और बाजार तक पहुंचने के लिए कोई सुरक्षित रास्ता नहीं है। ग्रामीणों को उटंगन नदी जान जोखिम में डालकर पार करनी पड़ती है।

धरना प्रदर्शन के दौरान नवविवाहिता सीमा पत्नी कालीचरण और कमला देवी पत्नी करन सिंह ने घूंघट की ओट से गांव की पीड़ा बयां की। महिलाओं ने कहा कि सड़क और पुल न होने के कारण बच्चे नियमित रूप से स्कूल नहीं जा पाते। जंगल के रास्तों और जंगली जानवरों के डर के बीच बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।

महिलाओं ने भावुक होकर कहा कि यदि गांव तक सड़क और नदी पर पुल बन जाए तो उनके बच्चे भी पढ़-लिखकर समाज में सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता है।

ग्राम प्रधान रामनिवास वर्मा ने स्पष्ट कहा कि जब तक ग्रामीणों की मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।

video

Pages