फतेहपुर सीकरी में चोरी की बड़ी वारदात, लाखों के जेवर और नगदी ले उड़े चोर, घर लौट रहे दो भाई सड़क हादसे में घायल
आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के ग्राम दाउदपुर के मजरा उत्तू में बुधवार देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। वारदात के बाद परिवार पर उस समय दूसरी मुसीबत टूट पड़ी, जब घटना की सूचना पाकर घर लौट रहे पीएसी में तैनात दो सगे भाई सड़क दुर्घटना में घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम उत्तू निवासी निरंजन शर्मा बुधवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात चोर घर का जंगला तोड़कर अंदर घुस आए। बदमाशों ने घर के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी, जिससे घर में मौजूद वृद्ध दंपति और पुत्रवधुएं बाहर नहीं निकल सकीं। इसके बाद चोर घर में रखा संदूक उठाकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार के मुताबिक संदूक में सोने की चेन, पेंडल, दो अंगूठियां, चांदी की पायल, कोदनी समेत करीब 1.90 लाख रुपये नगद रखे हुए थे। सुबह जब परिवार को घटना की जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को बाद में चोरी किया गया संदूक पास के खेतों में पड़ा मिला, लेकिन उसमें रखे जेवरात और नगदी गायब थे।
घटना के बाद निरंजन शर्मा ने अपने दोनों पुत्रों विष्णु शर्मा और पवन शर्मा को फोन कर चोरी की सूचना दी। दोनों भाई पीएसी में तैनात बताए गए हैं। सूचना मिलते ही दोनों बाइक से घर के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे दोनों घायल हो गए। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई।
थाना प्रभारी आनंदवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।