ससुराल में सनसनी: पत्नी को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को मारी गोली, मौत; पत्नी गंभीर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 2 मई 2026

ससुराल में सनसनी: पत्नी को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को मारी गोली, मौत; पत्नी गंभीर

ससुराल में सनसनी: पत्नी को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को मारी गोली, मौत; पत्नी गंभीर

आगरा/भरतपुर। एक दिल दहला देने वाली घटना में आगरा के एक युवक ने ससुराल पहुंचकर पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

जानकारी के अनुसार, आगरा के बरुअर निवासी 31 वर्षीय राघवेंद्र की शादी करीब चार साल पहले भरतपुर (राजस्थान) के रूपवास निवासी राधिका से हुई थी। दंपति का एक बेटा भी है। राधिका अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए 30 अप्रैल को अपने मायके रूपवास आई हुई थी।

शुक्रवार (1 मई) को राघवेंद्र ससुराल पहुंचा। उस समय घर में लग्न का कार्यक्रम चल रहा था। बताया जा रहा है कि राघवेंद्र ने राधिका को कमरे में बुलाया, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आई।

आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। राघवेंद्र खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा था, जबकि राधिका के सीने में गोली लगी हुई थी और वह गंभीर रूप से घायल थी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजनों के अनुसार, राघवेंद्र ने देसी कट्टे से पहले पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।

video

Pages