आगरा में आधी रात कॉस्मेटिक फैक्ट्री में भीषण आग, ड्रम फटने से मचा हड़कंप
आगरा। शहर के बल्केश्वर क्षेत्र स्थित खासपुरा रोड पर एक कॉस्मेटिक फैक्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 2 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील पदार्थों के ड्रम आग की चपेट में आ गए। आग बढ़ने के साथ ही ड्रमों में तेज धमाके होने लगे, जिससे लोग घरों से बाहर निकल आए। लगातार हो रहे धमाकों और उठती ऊंची लपटों ने पूरे इलाके को दहला दिया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में करने में कई घंटे लग गए।
कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह तक दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पा लिया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।