पालीवाल पार्क में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, लहूलुहान शव मिलने से सनसनी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 18 मई 2026

पालीवाल पार्क में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, लहूलुहान शव मिलने से सनसनी

पालीवाल पार्क में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, लहूलुहान शव मिलने से सनसनी

आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित पालीवाल पार्क में रविवार सुबह एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पार्क में घूमने आए लोगों ने मजार के पास खून से सना शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना हरीपर्वत पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान पास की बस्ती निवासी शिवम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक की हत्या चेहरे को पत्थर से कुचलकर किए जाने की आशंका है। शव पर जानवरों द्वारा काटे जाने के निशान भी मिले हैं, जिससे माना जा रहा है कि हत्या के बाद शव देर रात तक पार्क में पड़ा रहा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिवम को शनिवार शाम एक युवक के साथ शराब पीते हुए देखा गया था।

परिजनों के मुताबिक शिवम कुछ समय पहले ही हिमाचल प्रदेश से छुट्टी लेकर घर आया था, जहां वह एक वेल्डिंग फैक्ट्री में काम करता था। उसका बड़ा भाई जिगर ई-रिक्शा चलाता है, जबकि माता-पिता मजदूरी और भीख मांगकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

भाई जिगर ने बताया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे शिवम घर से निकला था। इलाके के लोगों ने उसे देसी शराब के ठेके पर अमूल नामक युवक के साथ शराब पीते देखा था। इसके बाद वह रातभर घर नहीं लौटा। रविवार सुबह पार्क में शव मिलने की सूचना पर परिवार मौके पर पहुंचा।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है और अमूल नामक युवक समेत शिवम के संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

video

Pages