आगरा: श्रमिक दिवस पर ताज वेलवेट एंड सिल्क मिल्स में भव्य सम्मान समारोह, श्रमिकों के सम्मान में गूंजा संकल्प
आगरा। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर ताज वेलवेट एंड सिल्क मिल्स में श्रमिकों के सम्मान में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इंडस्ट्रियल एस्टेट, नुनहाई स्थित मिल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिकों के योगदान को सराहा गया और उनके अधिकारों के प्रति संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र कुमार मित्तल के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर फैक्ट्री मालिक संजय वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि एस. एस. त्यागी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 श्रमिकों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। श्रमिकों के परिश्रम, समर्पण और उद्योग में उनके योगदान की खुले दिल से सराहना की गई।
अपने संबोधन में वीरेंद्र कुमार मित्तल ने कहा कि “श्रमिक केवल मजदूर नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के सच्चे शिल्पकार हैं। उनकी मेहनत से ही देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।” उन्होंने श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराते हुए श्रमिक एकता को सबसे बड़ी ताकत बताया।
मुख्य अतिथि संजय वर्मा ने श्रमिकों और उद्योग को एक परिवार की तरह बताते हुए कहा कि दोनों के सहयोग से ही विकास संभव है। वहीं लेबर इंस्पेक्टर एस. एस. त्यागी ने श्रमिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों की समस्याओं पर खुलकर चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, एकता और श्रमिक सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
अंत में सभी अतिथियों और श्रमिक साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का सफल समापन किया गया।