परीक्षा देकर लौट रहे दो सगे चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत, परिवार के चिराग बुझे
"कलम थाम कर लौटे थे घर, रास्ते में ही छीन ली सांसें: दो होनहारों की मौत से बुझ गए घर के चिराग
जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- थाना एत्मादपुर के छलेसर क्षेत्र अंतर्गत भागूपुर पुल पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। एसएन मेडिकल कॉलेज से डीफार्मा प्रथम वर्ष की प्रैक्टिकल परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे चचेरे चाचा-भतीजे को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक छात्र ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। दोनों मृतक छात्र फिरोजाबाद के थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव देवखेड़ा के निवासी थे। हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद के देवखेड़ा निवासी राज दुष्यंत गौतम उम्र करीब (18) पुत्र राजेश गौतम और उसके चचेरे चाचा अक्षय कुमार गौतम उम्र करीब (20) पुत्र जय किशोर एत्मादपुर स्थित एफएच मेडिकल कॉलेज के डीफार्मा प्रथम वर्ष के छात्र थे। शनिवार को दोनों अपनी फाइनल प्रैक्टिकल परीक्षा देने के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज आए थे। दोपहर करीब 3:15 बजे परीक्षा देकर दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक छलेसर क्षेत्र के भागूपुर पुल के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
एक छात्र की रास्ते में गई जान, दूसरे छात्र ने अस्पताल में तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही एत्मादपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान हालत में दोनों छात्रों को एम्बुलेंस से इलाज के लिए तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया। हालांकि, घाव इतने गहरे थे कि अक्षय कुमार ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राज दुष्यंत की सांसें अस्पताल में इलाज के दौरान थम गईं। पोस्टमार्टम गृह पर मौजूद चचेरे भाई विराट गौतम ने बताया कि दोनों पढ़ाई में बेहद होनहार थे और इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है।
परिवार की उम्मीद था राज, पिता का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
परिजनों के मुताबिक राज दुष्यंत अपने परिवार में सबसे बड़ा बेटा था। जिससे पूरे परिवार को बड़ी उम्मीदें थीं। राज की मां की मृत्यु के बाद उसके पिता राजेश ने दूसरा विवाह किया था। जिनसे दो छोटे बच्चे सौरभ और गौरव हैं। राजेश फिरोजाबाद की एक चूड़ी फैक्ट्री में मजदूरी कर किसी तरह बच्चों को पढ़ा रहे थे। वहीं मृतक अक्षय कुमार के पिता जय किशोर पेशे से किसान हैं। दो जवान बेटों की मौत की खबर सुनते ही माताओं का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में चूल्हे तक नहीं जले हैं।
सीसीटीवी से पकड़ा गया ट्रक, चालक-परिचालक की तलाश जारी
एत्मादपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस को दोपहर करीब 3:25 बजे भागूपुर पुल पर हादसे की सूचना मिली थी। घटना को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक की तलाश के लिए पुलिस ने तत्काल हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी ट्रक को कुबेरपुर के पास एक वेयरहाउस (गोदाम) से बरामद कर लिया है। बरामद ट्रक के भीतर से पानी की बोतलें मिली हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक व परिचालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।