आगरा नगर निगम सदन में भाजपा पार्षद ने उतारी शर्ट, हंगामे के बीच मेयर ने दिए कार्रवाई के आदेश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 12 मई 2026

आगरा नगर निगम सदन में भाजपा पार्षद ने उतारी शर्ट, हंगामे के बीच मेयर ने दिए कार्रवाई के आदेश

आगरा नगर निगम सदन में भाजपा पार्षद ने उतारी शर्ट, हंगामे के बीच मेयर ने दिए कार्रवाई के आदेश

आगरा नगर निगम के सदन में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब भाजपा पार्षद हरिओम बाबा ने सदन के बीच शर्ट उतारकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस घटना से सदन का माहौल गरमा गया और मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह नाराज हो गईं। उन्होंने इसे अशोभनीय हरकत बताते हुए नगर आयुक्त को पार्षद के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे दिए।

दरअसल नगर निगम सदन में नाले और सीवर की सफाई का मुद्दा पूरे दिन छाया रहा। इसी दौरान भाजपा पार्षद हरिओम बाबा अचानक अपनी सीट से उठकर मेयर और नगर आयुक्त के सामने पहुंच गए और शर्ट उतारकर धरने पर बैठ गए। पार्षद ने आरोप लगाया कि नगर निगम में 15 ऐसे सफाई मित्र कार्यरत हैं, जो आगरा नगर निगम से वेतन लेने के साथ-साथ फिरोजाबाद नगर निगम से भी वेतन प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने सफाई मित्रों की भर्ती में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

पार्षद के इस प्रदर्शन पर मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह भड़क गईं। उन्होंने कहा कि यदि कोई समस्या थी तो उसे नियमपूर्वक रखा जा सकता था, लेकिन इस तरह शर्ट उतारकर प्रदर्शन करना उचित नहीं है। मेयर ने कहा कि सदन में महिलाएं भी मौजूद हैं और इस प्रकार का व्यवहार अशोभनीय है। इसके बाद उन्होंने नगर आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए।

वहीं सदन में नाले और सीवर सफाई को लेकर भी पार्षदों ने करीब एक घंटे तक जोरदार हंगामा किया। पार्षदों का कहना था कि अधिकारी दावा कर रहे हैं कि शहर के 80 प्रतिशत नालों की सफाई हो चुकी है, लेकिन जब उनसे शहर में कुल नालों की संख्या पूछी गई तो अधिकारी जवाब नहीं दे सके। इस पर पार्षद भड़क गए।

मेयर ने भी अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिकारियों के पास जवाब नहीं है तो उन्हें सदन में बैठने का कोई अधिकार नहीं है। पार्षदों ने यह भी सवाल उठाया कि शहर में करीब 6 हजार सफाई कर्मचारी होने के बावजूद वार्डों में सफाई व्यवस्था बदहाल क्यों है। साथ ही उन्होंने पूछा कि जिन 10 सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की बात कही गई थी, वे किन वार्डों में तैनात किए गए हैं, इसकी पूरी जानकारी सदन को दी जाए।

video

Pages