ऑटो में बैठाकर यात्रियों को बनाते थे निशाना, फतेहपुर सीकरी पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे
आगरा के थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस और साइबर सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑटो में यात्रियों से चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त ऑटो, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 8 मई 2026 को थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ऑटो में बैठे कुछ लोगों ने उसके बैग से 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना फतेहपुर सीकरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम और साइबर सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर 12 मई 2026 को फतेहपुर सीकरी-दूरा रोड क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर यात्रियों को ऑटो में बैठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटना में प्रयुक्त एक ऑटो, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई। बरामदगी और विवेचना के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू पुत्र आमीन एवं पप्पू उर्फ बल्लू पुत्र आसीन निवासी मिढाकुर थाना किरावली, आगरा के रूप में हुई है। वहीं मामले में शामिल एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।