पैसे मांगने पर किया अपमान, युवक ने उठाया आत्मघाती कदम; शमशाबाद पुलिस ने मुख्य आरोपी दबोचा
आगरा के थाना शमशाबाद क्षेत्र में युवक को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल 2026 को शमशाबाद क्षेत्र के एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के अगले दिन मृतक के भाई ने थाना शमशाबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया कि जयप्रकाश और भोलू नामक व्यक्तियों ने उसके भाई का टेंट का सामान और बकाया रकम हड़प ली थी। जब युवक ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।
परिजनों का आरोप है कि लगातार मिल रही प्रताड़ना और बेइज्जती से आहत होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी सुरेंद्र राव के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसी क्रम में 6 मई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वांछित आरोपी जयप्रकाश पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम नगला तेहिया महरमपुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी भोलू की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।