प्रोजेक्ट अलंकार योजना को गति देने के निर्देश, डीएम मनीष बंसल ने की निर्माण कार्यों की समीक्षा
आगरा में राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ‘प्रोजेक्ट अलंकार योजना’ के अंतर्गत संचालित वृहद निर्माण कार्यों और बाउंड्रीवाल निर्माण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों के अनुरक्षण और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खेरागढ़ के नवीन भवन निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुत 868.28 लाख रुपये के संशोधित आगणन की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इसके अलावा जनपद के कलाल खेरिया, कोरई और पिनाहट में नवनिर्मित तीन राजकीय बालिका छात्रावासों को जल्द शुरू करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने छात्रावासों के लिए फर्नीचर, बेडिंग और आवश्यक संसाधनों की खरीद प्रक्रिया को जेम पोर्टल और शासनादेश के अनुरूप शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावासों में आवश्यक स्टाफ की तैनाती भी जल्द सुनिश्चित करने को कहा, ताकि छात्राओं को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।