आगरा में भीषण सड़क हादसा: कैंटर की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद क्षेत्र के गांव मीटपुरा निवासी शिवचरण उर्फ शिवा अपने 12 वर्षीय बेटे शिवम के साथ सुबह करीब 8 बजे बाइक से वाजिदपुर की ओर जा रहे थे। हाल ही में परिवार में हुई शादी के चलते वह बैंडबाजे का भुगतान करने निकले थे।
इसी दौरान पूठपुरा-कल्यापुर मार्ग पर पीछे से आए एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवचरण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवम को तत्काल आगरा के इमरजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कैंटर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।