एत्मादपुर में रोजाना जाम और हादसों से त्रस्त जनता, फ्लाईओवर या बाईपास की मांग तेज - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 2 मई 2026

एत्मादपुर में रोजाना जाम और हादसों से त्रस्त जनता, फ्लाईओवर या बाईपास की मांग तेज

एत्मादपुर में रोजाना जाम और हादसों से त्रस्त जनता, फ्लाईओवर या बाईपास की मांग तेज

सड़क हादसों में लगातार जा रही हैं लोगों की जान, समाधान दिवस में गुहार के बाद भी प्रशासन ने नहीं उठाया कोई ठोस कदम

जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highway) पर स्थित एत्मादपुर कस्बे में जाम और हादसों की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। कस्बे के प्रमुख चौराहों पर भारी वाहनों के दबाव और सुरक्षा मानकों के अभाव के कारण रोजाना हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि अब स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से स्थायी समाधान के रूप में फ्लाईओवर या बाईपास के निर्माण की मांग तेज कर दी है।

कस्बे एत्मादपुर के तहसील चौराहा और बरहन तिराहे पर वाहनों का भारी दबाव रहता है, जिससे हर दिन लंबा जाम लगता है। इसके साथ ही कस्बे के लोग राजमार्ग के दोनों ओर रहते हैं। हाईवे पर स्थित सतौली कट, बुढ़िया का ताल, नवलपुर कट, कुबेरपुर चौराहा और बंघारा स्थित नोएडा कट जैसे स्थान अब ब्लैकस्पॉट (Blackspot) में तब्दील हो चुके हैं। यहाँ लोग जान जोखिम में डालकर डिवाइडर पार करते हैं, जिसके चलते आए दिन भीषण दुर्घटनाएं हो रही हैं।

बीते सोमवार दोपहर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 38 वर्षीय रूपा देवी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जिससे करीब आधा घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

"सहालग (शादियों के सीजन) के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में भारी आक्रोश है।

प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल

स्थानीय निवासी भगवान सिंह त्यागी, सत्यवीर त्यागी और सभासद मुफीज खान सहित कई गणमान्य लोगों ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर जाम और हादसों से मुक्ति की गुहार लगाई है। उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए एलिवेटेड पुल या बाईपास बनाए जाने की मांग की है। इसके बावजूद, प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है।

video

Pages