मंटोला में पति-पत्नी का विवाद बना रणक्षेत्र, पुलिस के सामने चले ईंट-पत्थर, दामाद और पिता घायल
आगरा के थाना मंटोला क्षेत्र में पति-पत्नी का घरेलू विवाद मंगलवार रात हिंसक झड़प में बदल गया। मायके पक्ष के लोगों के ससुराल पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट, हाथापाई और पथराव हुआ। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी में ही माहौल बेकाबू हो गया। घटना में दामाद मोहम्मद आमिर और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
सदर भट्टी निवासी मोहम्मद आमिर ने आरोप लगाया कि उसकी शादी करीब पांच साल पहले नालबंद चौराहा निवासी शिरीन से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार पैसों की मांग की जाती रही। आमिर के अनुसार करीब एक माह पहले उसके ससुर अफजाल ने अपने बेटे के कारोबार के लिए पांच लाख रुपये उधार मांगे थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण जब उसने पैसे देने से मना किया तो रिश्तों में तनाव बढ़ गया और उसकी पत्नी भी आए दिन विवाद करने लगी।
आमिर का आरोप है कि मंगलवार रात करीब 11 बजे उसका ससुर अफजाल, साला अदनान और 25 से 30 लोग पुलिस को कथित झूठी सूचना देकर उसके घर पहुंचे। पहले गाली-गलौज की गई और फिर अचानक ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना में आमिर और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से आमिर के पिता की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली गेट स्थित समर्पण अस्पताल रेफर कर दिया गया। आमिर के सिर और पसलियों में भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार ने हमले के दौरान मोबाइल फोन और अंगूठियां गायब होने का भी आरोप लगाया है।
दूसरी ओर लड़की पक्ष ने भी ससुराल पक्ष पर बेटी को मानसिक और घरेलू प्रताड़ना देने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से बेटी परेशान थी, जिस कारण विवाद बढ़ता चला गया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।