कार के हॉर्न को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पथराव-फायरिंग और आगजनी से दहला गांव
आगरा के थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव सवालदास का पुरा में कार का हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, पथराव हुआ और फायरिंग के भी आरोप लगे। घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। मारपीट और आगजनी में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि एक घर में आग लगने से हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पिनाहट पुलिस और सर्किल का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक छतों से पथराव करते दिखाई दे रहे हैं और पुलिसकर्मी आग बुझाते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गांव सवालदास का पुरा में कार का हॉर्न बजाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों और पत्थरों के साथ भिड़ गए। एक पक्ष ने चार राउंड फायरिंग होने का भी आरोप लगाया है।
मारपीट में एक पक्ष के अजब सिंह और उनकी मां अंगूरी देवी घायल हो गए। आरोप है कि विवाद के दौरान पड़ोस के घर में आग लगा दी गई, जिससे घर में रखा सामान जल गया। हालांकि आग किसने लगाई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
एक पक्ष के कन्हैया पुत्र श्रीनिवास निवासी ग्राम छीतापुरा थाना राजाखेड़ा, धौलपुर ने थाना पिनाहट में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह अपनी चाची को लेने सवालदास का पुरा गांव आया था। सड़क किनारे कार खड़ी कर इंतजार करने के दौरान करतार, सुरेश, रामहेत, साहब सिंह और रिंकू ने कार का दरवाजा खोलकर डैशबोर्ड में रखे एक लाख रुपये निकाल लिये। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और गले से सोने की जंजीर तोड़ ली गई।
कन्हैया के अनुसार जब उसकी चाची बचाने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि दबंगों ने कार में तोड़फोड़ कर चार राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से मछला देवी पत्नी सुरेश ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के संजय, इंद्रजीत, मुरारी, उपेंद्र समेत कई लोग उनके घर पर आकर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद कन्हैया लाल को बुला लिया गया, जिसके साथ 10-12 लोग और थे।
मछला देवी का आरोप है कि इन लोगों ने फायरिंग की और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह और उनकी सास रामवती घायल हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर घर से पांच लाख रुपये लूट ले गए तथा गले से मंगलसूत्र और कानों के कुंडल भी छीन लिए। साथ ही घर में आग लगाने का भी आरोप लगाया गया है।
पिनाहट के एसीपी अनिल कुमार ने बताया कि ग्राम सवालदास का पुरा में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में स्कॉर्पियो गाड़ी को तेज गति से चलाने और लगातार हॉर्न बजाने को लेकर विवाद होना सामने आया है। दोनों पक्षों के घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार वर्तमान में गांव में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।