कचहरी घाट में युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 12 मई 2026

कचहरी घाट में युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी

कचहरी घाट में युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी

आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र स्थित कचहरी घाट इलाके में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दबंगों ने एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान हर्ष जैन निवासी पत्तल गली, कचहरी घाट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हर्ष के भाई का कुछ लोगों से पहले विवाद और मारपीट हुई थी। उसी मामले में बातचीत और समझौते के लिए हर्ष मौके पर पहुंचा था।

आरोप है कि बातचीत के दौरान वहां मौजूद दबंगों ने हर्ष के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक झगड़े में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने हर्ष को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान उसे जमीन पर पटक दिया गया और उसका सिर जोर से जमीन पर दे मारा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर चोट लगने के कारण हर्ष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

video

Pages