प्रधानमंत्री पर टिप्पणी को लेकर भाजपा का विरोध प्रदर्शन, सैकड़ों महिलाओं ने निकाली पदयात्रा
आगरा में समाजवादी पार्टी के हमीरपुर सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा आगरा महानगर और जिला इकाई के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर पदयात्रा निकालकर विरोध जताया और सपा सांसद से माफी की मांग की।
गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं तख्तियां और बैनर लेकर जिला मुख्यालय पहुंचीं। प्रदर्शन के दौरान “अजेंद्र सिंह माफी मांगो”, “मोदी जी का यह अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “समाजवादी पार्टी शर्म करो” जैसे नारे लगाए गए। कड़ी धूप के बावजूद महिलाएं लंबे समय तक प्रदर्शन स्थल पर डटी रहीं।
भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों की आशा, विश्वास और नए भारत के संकल्प के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान है, बल्कि देश की जनता की भावनाओं को भी आहत करती है।
भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व राज्य महिला आयोग सदस्य निर्मला दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश की मातृशक्ति के सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं और आने वाले चुनावों में महिलाएं इसका जवाब देंगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया ने कहा कि विश्व के लोकप्रिय नेता के प्रति इस तरह की टिप्पणी समाजवादी पार्टी की दूषित मानसिकता को दर्शाती है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने कहा कि देश और प्रदेश की महिलाएं इस अपमान का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगी।
प्रदर्शन में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, वरिष्ठ भाजपा नेत्री निर्मला दीक्षित, महेश शर्मा, शिव कुमार प्रमुख, सत्य प्रकाश लोधी, रोहित कत्याल, सहदेव शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।