रामबाग चौराहे पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
आगरा। दीपक कुमार के निर्देशन में आगरा पुलिस द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रामबाग चौराहे पर अवैध अतिक्रमण और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
दिनांक 22 मई 2026 को सहायक पुलिस आयुक्त, छत्ता के नेतृत्व में थाना एत्माद्दौला पुलिस एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा रामबाग चौराहे पर 50 मीटर के दायरे में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखे गए सामान और बाधाओं को हटाकर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया गया।
पुलिस टीम ने अनाउंसमेंट के माध्यम से दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को नो एन्क्रोचमेंट एवं नो पार्किंग जोन के नियमों के प्रति जागरूक किया तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
इसके साथ ही क्षेत्र में वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।