“RTC स्कीम” के तहत चला बड़ा अभियान, 270 वाहन सीज और 10 हजार से अधिक चालान - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 22 मई 2026

“RTC स्कीम” के तहत चला बड़ा अभियान, 270 वाहन सीज और 10 हजार से अधिक चालान

“RTC स्कीम” के तहत चला बड़ा अभियान, 270 वाहन सीज और 10 हजार से अधिक चालान

आगरा। यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से आगरा पुलिस द्वारा “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के अंतर्गत विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यह अभियान पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात) सोनम कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीमों द्वारा संचालित किया गया।

अभियान के तहत 18 मई 2026 से 21 मई 2026 तक शहर के प्रमुख चौराहों, तिराहों एवं मार्गों पर व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क एवं फुटपाथों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण हटाए गए, जिससे यातायात संचालन को व्यवस्थित और बाधारहित बनाने का प्रयास किया गया।

कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कदम उठाते हुए 270 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 10085 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाना और सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है।

इसके अलावा प्रमुख चौराहों एवं तिराहों के आसपास 50 मीटर क्षेत्र को “नो वेंडिंग जोन” घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि पर रोक लगाई गई है, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

अभियान के दौरान पुलिस उपायुक्त (यातायात) सोनम कुमार ने स्थानीय दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों एवं आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने और सड़क व फुटपाथों पर अवैध कब्जा न करने के लिए जागरूक किया। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई एवं जुर्माना लगाया जाएगा।

आगरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

video

Pages