थाना हरीपर्वत पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोर गैंग का किया पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 17 मई 2026

थाना हरीपर्वत पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोर गैंग का किया पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार

थाना हरीपर्वत पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोर गैंग का किया पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार

आगरा कमिश्नरेट की थाना हरीपर्वत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोरी करने वाले शातिर गैंग का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक्टिवा स्कूटी, बुलेट और अपाचे बाइक समेत कई वाहन, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अभियान का नेतृत्व एसीपी हरीपर्वत अमीषा सिंह एवं थाना हरीपर्वत प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा द्वारा किया गया। पुलिस टीम ने आईएसबीटी क्षेत्र से दोनों शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने कई वाहन चोरी और मोबाइल चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 01 एक्टिवा स्कूटी, 02 बुलेट मोटरसाइकिल, 01 अपाचे बाइक तथा घटना में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा 02 चोरी के मोबाइल फोन और 300 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए वाहनों को बिल्लोचपुरा रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में छिपाकर रखते थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वहां से चोरी के वाहन बरामद किए।

पुलिस के अनुसार कैलाशपुरी और ओल्ड मथुरा रोड क्षेत्र में हुई कई वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा इन गिरफ्तारियों से हुआ है। आरोपी ऑटो में बैठकर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की वारदातों को भी अंजाम देते थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

थाना हरीपर्वत पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्रीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।

video

Pages