आगरा: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी किराएदार गिरफ्तार, बाह पुलिस की त्वरित कार्रवाई
आगरा:-पुलिस कमिश्नरेट आगरा के थाना बाह क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में पीड़िता की मां ने 21 मई 2026 को थाना बाह में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके घर में किराए पर रहने वाले अनिल पुत्र रामबख्श ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त बाह द्वारा गठित की गई पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में वांछित अपराधियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 24 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना बाह पुलिस ने आरोपी अनिल (निवासी ग्राम गुढ़ा, थाना खेड़ा राठौर, आगरा) को बिजौली डिपो के पास से घेराबंदी कर दबोच लिया। प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार और कांस्टेबल विवेक रजौरा की टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज रही है।