आगरा पुलिस बनी देवदूत: फांसी लगाने जा रहे युवक की बचाई जान
गृहकलह से टूटा युवक, आगरा पुलिस ने थामा जिंदगी का हाथ
जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- ताजनगरी की पुलिस ने मंगलवार को मुस्तैदी दिखाते हुए एक अनमोल जीवन को काल के गाल में समाने से बचा लिया। थाना किरावली अंतर्गत ग्राम घड़ी विचित्र में गृहक्लेश से तंग आकर एक व्यक्ति ने मौत को गले लगाने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते पहुंची पुलिस टीम ने उसे सुरक्षित बचा लिया।
मंगलवार को यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि घड़ी विचित्र गांव में एक व्यक्ति मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर रहा है। मामला बेहद संवेदनशील था और समय बहुत कम। सूचना मिलते ही थाना किरावली पुलिस और यूपी-112 की टीम बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्यवाही की और फंदे की ओर बढ़ रहे व्यक्ति को सकुशल बचा लिया। पुलिस की इस तत्परता ने एक घर का चिराग बुझने से बचा लिया। सूचना मिलते ही हमारी प्राथमिकता व्यक्ति की जान बचाना थी। टीम ने पेशेवर कुशलता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति को संभाला।
बचाए गए व्यक्ति की जब पुलिसकर्मियों ने काउंसलिंग की, तो सामने आया कि वह काफी समय से पारिवारिक कलह के कारण गहरे मानसिक तनाव में थे। इसी हताशा में उन्होंने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला लिया था। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में व्यक्ति को समझाया और भविष्य में इस तरह की गलती न करने की शपथ दिलाई। व्यक्ति ने भी अपनी भूल स्वीकारते हुए पुलिस को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।