बाह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन अभियुक्त अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार, तमंचे और कारतूस बरामद
आगरा। अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बाह पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को अवैध असलाह और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है।
आगरा में पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त बाह के नेतृत्व में चोरी, लूट, छिनैती तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक बाह को क्षेत्र में सघन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के निर्देश दिए गए थे।
थाना बाह पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग एवं तलाश अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति मंडी मैदान से मंदगपुर जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजकुमार उर्फ राजू ठाकुर, विष्णु पुत्र हरी सिंह तथा बृजेश पुत्र लाखन के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस (315 बोर) तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
बरामदगी के आधार पर थाना बाह में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने राजकुमार उर्फ राजू ठाकुर के विरुद्ध मु0अ0सं0 94/26, विष्णु के विरुद्ध मु0अ0सं0 95/26 तथा बृजेश के विरुद्ध मु0अ0सं0 96/26 धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना बाह पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।