खुले नाले और ऊंचे रैंप को लेकर लोगों में नाराजगी, कार्रवाई की मांग
गाजियाबाद:-मेरठ-दिल्ली रोड स्थित रैपिड पिलर संख्या 853 से 865 तक नगर पालिका परिषद द्वारा बनाए जा रहे नए नाले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों ने निर्माणाधीन नाले को जल्द ढकवाने तथा राधेश्याम कॉलोनी फेस-1 के बाहर बनाए गए ऊंचे रैंप को सही कराने की मांग उठाई है।
गौ रक्षा दल के जिलाध्यक्ष गुलशन राजपूत ने बताया कि नगर पालिका द्वारा नाले का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, लेकिन अब तक नाले को ढका नहीं गया है। खुले नाले की चौड़ाई अधिक होने के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के नाले में गिरकर घायल होने का खतरा लगातार बना हुआ है। साथ ही गौवंश के भी नाले में गिरने की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राधेश्याम कॉलोनी फेस-1 के बाहर बनाया गया रैंप बेहद ऊंचा है, जिससे वाहनों के नीचे का हिस्सा सड़क पर अटक जाता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गुलशन राजपूत ने कहा कि पूर्व में गाजियाबाद और मुरादनगर क्षेत्र में खुले नालों के कारण कई अप्रिय घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें जनहानि और पशुहानि तक हुई है। ऐसे में यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो यहां भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माणाधीन नाले को शीघ्र ढकवाने तथा ऊंचे रैंप को सही कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस दौरान गुलशन राजपूत, मोहित त्यागी, विपिन, सुनील गुप्ता, सुक्कन शर्मा, शुभम चौहान, मुन्ना यादव, अंकित कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।