बिजलीघर चौराहे पर पुलिस का बड़ा एक्शन: संयुक्त अभियान चलाकर हटाया गया अवैध अतिक्रमण, 'नो वेंडिंग ज़ोन' किया गया प्रभावी।
आगरा:-यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को जाम की समस्या से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आज पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाते हुए बिजलीघर चौराहे एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार के कुशल निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात) सोनम कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में संयुक्त टीम द्वारा धरातल पर उतरकर व्यापक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा:-
अभियान को सफल बनाने हेतु अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात), सहायक पुलिस आयुक्त (सदर), प्रभारी निरीक्षक (यातायात) तथा संबंधित थानों के थाना प्रभारियों ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अभियान का नेतृत्व किया एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को प्रभावी रूप से संपन्न कराया।
07 वाहन सीज और 80 चालान:-
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस द्वारा मौके पर 07 वाहनों को सीज किया गया तथा नियमों की अनदेखी करने वाले 80 वाहनों के चालान काटे गए।
50 मीटर का दायरा बना 'नो वेंडिंग ज़ोन':-
अभियान के अंतर्गत बिजलीघर चौराहे के आसपास सड़कों एवं फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, खोखे एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाया गया। साथ ही, चौराहे के चारों ओर 50 मीटर की परिधि को पूर्णतः 'नो वेंडिंग ज़ोन' घोषित करते हुए वहां किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि प्रतिबंधित की गई है। इस कार्रवाई से यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाए जाने में सहायता मिलेगी।
जागरूकता के साथ सख्त चेतावनी:-
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस उपायुक्त (यातायात) सोनम कुमार द्वारा स्थानीय दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सड़क एवं फुटपाथों पर अवैध कब्जा न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया गया। साथ ही यह स्पष्ट चेतावनी भी दी गई कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण किए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए नियमानुसार जुर्माना भी अधिरोपित किया जाएगा।सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को समर्पित पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।