10 जून से निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी मतदाता नामावली
मतदाता सूची में संशोधन, दावा एवं आपत्तियों के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील
आगरा:-अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/
निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी (पंचायत) ए.बी. सिंह ने अवगत कराया है कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनपद आगरा की समस्त ग्राम पंचायतों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता नामावली तैयार कर प्रकाशित कर दी गई है। यह नामावली उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रेशन) नियमावली, 1994 के प्रावधानों के अंतर्गत तैयार की गई है।
उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि कार्यालय निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी, जनपद आगरा द्वारा जारी सूचना के अनुसार प्रकाशित मतदाता नामावली की एक-एक प्रति संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालयों, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (खण्ड विकास अधिकारियों) तथा अन्य निर्धारित कार्यालयों में उपलब्ध करा दी गई है।
उन्होंने जनसामान्य को सूचित किया है कि उक्त मतदाता नामावली का निरीक्षण दिनाँक 10 जून 2026 से किया जा सकता है। यदि किसी मतदाता को नाम, पता अथवा अन्य विवरण में त्रुटि प्रतीत होती है अथवा किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र की मतदाता नामावली का अवलोकन कर विवरणों का सत्यापन करें तथा आवश्यक संशोधन समय से सुनिश्चित कराएं, ताकि निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाया जा सके।
------------