आगरा:मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान बना महिलाओं के आत्मनिर्भरता का आधार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 11 जून 2026

आगरा:मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान बना महिलाओं के आत्मनिर्भरता का आधार

आगरा:मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान बना महिलाओं के आत्मनिर्भरता का आधार

जनपद की प्रवीन अली एवं अनुराधा, महिला उद्यमियों ने सरकारी सहायता से खड़ा किया सफल व्यवसाय, दूसरों के लिए बनीं प्रेरणा

दोनों उद्यमियों को 5-5 लाख रुपये का ऋण एवं 50-50 हजार रुपये का मिला अनुदान, एक ने जरी-जरदोजी इकाई और दूसरी उद्यमी ने प्लास्टिक उत्पाद निर्माण इकाई की स्थापित।

आगरा:- मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जनपद आगरा की दो महिला उद्यमियों ने इस योजना का लाभ उठाकर न केवल अपना व्यवसाय स्थापित किया, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। उनकी सफलता की कहानी आज जिले के हजारों युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

कला और हुनर को मिला नया आयाम

लोहामंडी क्षेत्र के खटीपाड़ा निवासी प्रवीन अली लंबे समय से स्वयं का रोजगार स्थापित करना चाहती थीं, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी उनके सपनों के आड़े आ रही थी। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की जानकारी मिली। उन्होंने जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, आगरा से संपर्क कर आवेदन किया।
योजना के तहत उन्हें बैंक ऑफ बड़ौदा से 5 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ तथा सरकार की ओर से 50 हजार रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहायता के बल पर उन्होंने जरी-जरदोजी कार्य से संबंधित अपनी इकाई स्थापित की।
आज उनका व्यवसाय सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और उन्हें अच्छा मुनाफा प्राप्त हो रहा है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्होंने अपने साथ चार अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। प्रवीन अली का कहना है कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया।

प्लास्टिक उत्पाद निर्माण से मिली नई पहचान

बिचपुरी क्षेत्र की निवासी श्रीमती अनुराधा भी आर्थिक तंगी के कारण अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पा रही थीं। निजी बैंकों की ऊंची ब्याज दरें उनके लिए बड़ी बाधा थीं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिलने पर उन्होंने जिला उद्योग केंद्र, आगरा से संपर्क किया और योजना के अंतर्गत आवेदन किया।
योजना के तहत उन्हें बैंक ऑफ इंडिया, बिचपुरी शाखा से 5 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ तथा सरकार की ओर से 50 हजार रुपये का अनुदान मिला। इस सहायता से उन्होंने प्लास्टिक उत्पाद निर्माण इकाई स्थापित की।
वर्तमान में उनके उत्पाद स्थानीय मेलों और बाजारों के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों के बीच भी लोकप्रिय हो रहे हैं। व्यवसाय से उन्हें अच्छा लाभ प्राप्त हो रहा है और उन्होंने तीन लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया है।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रभावी कदम
दोनों महिला उद्यमियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रही है। उन्होंने जिला उद्योग केंद्र और संबंधित अधिकारियों के सहयोग की भी सराहना की।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, आगरा द्वारा संचालित यह योजना बेरोजगार युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर रही है। योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता, मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर नए उद्यम स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे रोजगार सृजन और स्थानीय आर्थिक विकास को गति मिल रही है।
-----------------

video

Pages