आगरा: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार, थाना एकता पुलिस की त्वरित कार्रवाई
आगरा:-थाना एकता पुलिस ने नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी को घटना के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना एकता में एक व्यक्ति ने तहरीर दी कि उनकी कक्षा-9 में पढ़ने वाली पुत्री के साथ मोहल्ले के रहने वाले रवि पुत्र गोकुल सिंह ने अपने दोस्त हेमंत पुत्र पप्पू के साथ मिलकर दो बार पचगाई खेड़ा स्थित एक घर में ले जाकर जबरन दुष्कर्म किया। आरोपियों ने पीड़िता को किसी को बताने पर पिता की हत्या करने की धमकी भी दी थी। इस तहरीर के आधार पर थाना एकता में मु0अ0सं0-269/2026 पंजीकृत कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त नगर आगरा के आदेश पर थाना एकता पर पुलिस टीम का गठन किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त, ताज सुरक्षा के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने 14 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी रवि पुत्र गोकुल सिंह निवासी ताल सैमरी, थाना एकता को देवरी पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को 12 घंटे के अंदर पकड़कर त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश किया है। मामले में दूसरे आरोपी हेमंत की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।