बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़, महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना सदर बाजार पुलिस ने बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 19 अप्रैल 2026 को अपने परिवार के साथ वैष्णो देवी दर्शन के लिए कटरा गए थे। 22 अप्रैल को लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला और अलमारी में रखा सामान बिखरा हुआ था। जांच में पता चला कि घर से पत्नी के जेवरात और 35 हजार रुपये चोरी हो गए हैं। इस संबंध में थाना सदर बाजार पर मुकदमा अपराध संख्या 228/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना सदर बाजार पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 15 जून 2026 को जखौदा नहर क्षेत्र से विकास, जयवर्धन तथा जयवर्धन की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के कई आभूषण, जिनमें पायल, अंगूठियां, छल्ला, सोने की चैन, लॉकेट और टॉप्स शामिल हैं, बरामद किए गए। इसके अलावा तीन चोरी के मोबाइल फोन, चोरी का सामान बेचकर प्राप्त 4,380 रुपये तथा वारदात में इस्तेमाल की गई एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद आभूषण थाना सदर बाजार में दर्ज मुकदमा संख्या 228/2026 तथा थाना सिकंदरा में दर्ज मुकदमा संख्या 282/2026 से संबंधित हैं। वहीं बरामद मोटरसाइकिल थाना जगदीशपुरा में दर्ज मुकदमा संख्या 269/2026 में चोरी की गई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पहले बंद घरों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गिरफ्तारी के बाद गिरोह की अन्य गतिविधियों और संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। थाना सदर बाजार पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की कई घटनाओं के खुलासे की उम्मीद बढ़ गई है।