एकता पुलिस की सख्त कार्रवाई: जुआ खेलते तीन आरोपी गिरफ्तार, ₹21 हजार से अधिक नकदी बरामद
आगरा। अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एकता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों के साथ ₹21,350 नकद भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना एकता पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित चेकिंग एवं गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बगदा से पहले एक खेत के पास पेड़ के नीचे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस कार्रवाई के दौरान दिनेश, वकील कुरैशी और शकील अहमद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि चमन नामक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते तथा ₹21,350 नकद बरामद हुए। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना एकता में मुकदमा अपराध संख्या 245/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त
दिनेश पुत्र फूल सिंह, निवासी ग्राम सैमरी का ताल, थाना एकता, आगरा।
वकील कुरैशी पुत्र बोना उर्फ चिराउद्दीन, निवासी पक्की सराय, थाना ताजगंज, आगरा।
शकील अहमद पुत्र उजुद्दीन उर्फ अज्जो, निवासी पक्की सराय, थाना ताजगंज, आगरा।
थाना एकता पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।