आगरा में प्रदीप मिश्रा हत्याकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में आरोपी सोमेश पाराशर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
जैतपुर पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई; हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद
आगरा। थाना जैतपुर पुलिस, सर्विलांस सेल पूर्वी जोन एवं एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रदीप मिश्रा हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्या के मुख्य आरोपी सोमेश पाराशर को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात थाना जैतपुर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोमेश पाराशर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फिरोजाबाद भागने की तैयारी में था।
पूछताछ के दौरान सोमेश पाराशर ने स्वीकार किया कि उसने 18 जून को थाना जैतपुर क्षेत्र के ग्राम रूपपुरा निवासी प्रदीप मिश्रा की गोली मारकर हत्या की थी। आरोपी ने बताया कि यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी। पुलिस द्वारा बरामद किया गया तमंचा उसी हत्याकांड में इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के खुलासे में थाना जैतपुर पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घायल आरोपी को चिकित्सकीय उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त बाह, आगरा कमिश्नरेट हरे कृष्ण शर्मा ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई है और आरोपी को कानून के शिकंजे में ले लिया गया है।