24 घंटे में दबोचा गया नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी, थाना एकता पुलिस की त्वरित कार्रवाई
आगरा। थाना एकता पुलिस ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
पुलिस के अनुसार, थाना एकता में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ रास्ते में आरोपी कामेश ने गलत नीयत से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने बालिका को धमकाया और मौके से फरार हो गया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना एकता में मु0अ0सं0 288/2026 के तहत धारा 74, 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा धारा 9(1)/10 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना एकता पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित को देवरी रोड स्थित डी.एस. फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना एकता पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का यह एक अच्छा उदाहरण है।