24 घंटे में नाबालिग किशोरी सकुशल बरामद, बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना बमरौली कटारा पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 23 जून को थाना बमरौली कटारा क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी को आरोपी दीपक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान एत्मादपुर मदरा अंडरपास के पास से आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया तथा नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
थाना बमरौली कटारा पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से इस गंभीर प्रकरण का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण हो गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।