मोबाइल छिनैती कांड का पूरा खुलासा: डौकी पुलिस ने तीसरे वांछित आरोपी को भी दबोचा, छीना गया मोबाइल बरामद
आगरा। थाना डौकी पुलिस ने मोबाइल छिनैती की वारदात में फरार चल रहे तीसरे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। इससे पहले इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को पीड़ित फतेहाबाद से अपने गांव नगला बिंदु लौट रहा था। जब वह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर नगला देवहंस अंडरपास के पास पहुंचा, तभी बाइक सवार तीन युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल में लात मारकर उसे गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के बैग में एक मोबाइल फोन, 420 रुपये नकद, दवाइयां और एक डायरी रखी हुई थी। घटना के संबंध में थाना डौकी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित टीम ने लगातार सुरागरसी करते हुए 25 जून को मुखबिर की सूचना पर फिरोजाबाद तिराहा, फतेहाबाद के पास से वांछित अभियुक्त सूरज पुत्र नाहर सिंह, निवासी ग्राम उझावली, थाना फतेहाबाद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से छिनैती में लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा ने बताया कि इस मामले में छेदीलाल उर्फ बीके और अजय को पहले ही 24 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही छिनैती की इस वारदात का सफल अनावरण हो गया है।
डौकी पुलिस की सतर्कता, लगातार की गई कार्रवाई और प्रभावी विवेचना के चलते फरार आरोपी भी कानून के शिकंजे में आ गया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।