नशीले लड्डू खिलाकर यात्रियों को लूटने वाला शातिर गिरफ्तार, 24 घंटे में जीआरपी ने किया खुलासा
आगरा। ट्रेन यात्रियों को नशीले पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर अपराधी को आगरा कैंट जीआरपी ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने एक यात्री को नशीले लड्डू खिलाकर बेहोश कर दिया था और उसकी जेब से हजारों रुपये लेकर फरार हो गया था। संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से नशीले पदार्थ, नशीले लड्डू और चोरी की रकम का हिस्सा भी बरामद किया गया है।
जीआरपी के अनुसार, जनपद औरैया निवासी रामजी ने 19 जून को थाना जीआरपी आगरा कैंट में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 जून को ट्रेन यात्रा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें लड्डू खाने के लिए दिया। लड्डू खाने के कुछ देर बाद वह बेहोश हो गए। होश आने पर उन्होंने खुद को फिरोजाबाद जिला अस्पताल में पाया। जांच करने पर उनकी जेब में रखे 8 हजार रुपये गायब मिले। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले के खुलासे के लिए जीआरपी, सीआईबी और आरपीएफ की संयुक्त टीम गठित की गई। 20 जून को संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के दौरान खेरिया पुल के पास पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसकी जेब से एल्प्राजोलाम की गोलियां, टिफिन में रखे नशीले लड्डू तथा 1050 रुपये नकद बरामद हुए। बाद में पीड़ित रामजी ने उसकी पहचान उसी व्यक्ति के रूप में की जिसने उन्हें नशीले लड्डू खिलाए थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राधेश्याम पुत्र गौरीशंकर, निवासी ग्राम रामनगर, थाना मक्खनपुर, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 58 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 21 ग्राम एल्प्राजोलाम एवं नशीला पाउडर बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ जहरखुरानी, चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत दर्जनभर से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वर्ष 2016 से अब तक वह कई गंभीर अपराधों में नामजद रहा है।
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में जीआरपी आगरा कैंट, सीआईबी आगरा, सीआईबी टूंडला और आरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक त्रिमोहन सिंह और उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह ने किया।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन यात्रा के दौरान किसी अजनबी द्वारा दिए गए खाद्य पदार्थ या पेय पदार्थ का सेवन न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को दें।