आगरा में मंदिर जाते समय युवक की हत्या का 36 घंटे में खुलासा, बदले की आग में रची गई थी साजिश; एक आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 21 जून 2026

आगरा में मंदिर जाते समय युवक की हत्या का 36 घंटे में खुलासा, बदले की आग में रची गई थी साजिश; एक आरोपी गिरफ्तार

आगरा में मंदिर जाते समय युवक की हत्या का 36 घंटे में खुलासा, बदले की आग में रची गई थी साजिश; एक आरोपी गिरफ्तार

आगरा। थाना जैतपुर क्षेत्र में मंदिर में आरती के लिए जा रहे युवक प्रदीप मिश्रा की गोली मारकर की गई हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। थाना जैतपुर पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त कार्रवाई में हत्या में शामिल एक आरोपी सत्यम पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना को वजह बताया है।

पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 की शाम करीब 6:45 बजे प्रदीप मिश्रा मंदिर में आरती करने जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे सोमेश पाराशर, कन्हैयालाल पाराशर, सत्यम पुरोहित और श्याम नौपुत्रा ने उन्हें मंदिर के पास घेर लिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी सोमेश पाराशर ने प्रदीप के सीने में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर 19 जून को थाना जैतपुर में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं। 20 जून को चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने वांछित आरोपी सत्यम पुरोहित पुत्र महेश निवासी जैतपुर कस्बा को फतेहपुरा तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सत्यम ने बताया कि फरवरी 2025 में प्रदीप मिश्रा द्वारा कथित रूप से मुख्य आरोपी सोमेश पाराशर के पिता की पिटाई और सार्वजनिक बेइज्जती की गई थी। इसी घटना से आक्रोशित होकर चारों आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई। योजना के तहत 18 जून को प्रदीप की गतिविधियों पर नजर रखी गई और मंदिर जाते समय उन्हें निशाना बनाकर हत्या को अंजाम दिया गया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं मुख्य आरोपी एवं कथित शूटर सोमेश पाराशर, कन्हैयालाल पाराशर और श्याम नौपुत्रा अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस हत्याकांड के खुलासे से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि मृतक के परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

video

Pages