हत्या के प्रयास के आरोपी की निशानदेही पर अवैध तमंचा बरामद, मलपुरा पुलिस की कार्रवाई
आगरा। थाना मलपुरा पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, राममूर्ति पुत्र लाखन सिंह निवासी मुल्ला की प्याऊ, कल्याणपुर, थाना मलपुरा ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि तेजू उर्फ तेजवीर, मंजीत तथा अन्य बाइक और कार सवार व्यक्तियों ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। शिकायत के आधार पर थाना मलपुरा में मु0अ0सं0 239/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान थाना मलपुरा पुलिस टीम ने मामले में जिला जेल में निरुद्ध आरोपी तेजू उर्फ तेजवीर को विधिक प्रक्रिया के तहत पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लिया। पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बल्हैरा रोड स्थित नई कॉलोनी में एक कोठरी के पास झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा (.315 बोर) तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
पुलिस ने बरामदगी को मुकदमे का अहम साक्ष्य बताते हुए मामले में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी कर दी है। पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
थाना मलपुरा पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है तथा शेष आरोपियों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।