आगरा:3 दिन से लापता 11 वर्षीय बालिका को जगदीशपुरा पुलिस ने परिजनों से मिलाया, परिवार ने जताया आभार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 23 जून 2026

आगरा:3 दिन से लापता 11 वर्षीय बालिका को जगदीशपुरा पुलिस ने परिजनों से मिलाया, परिवार ने जताया आभार

आगरा:3 दिन से लापता 11 वर्षीय बालिका को जगदीशपुरा पुलिस ने परिजनों से मिलाया, परिवार ने जताया आभार

आगरा। थाना जगदीशपुरा पुलिस की सतर्कता और अथक प्रयासों से तीन दिन से लापता 11 वर्षीय बालिका को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाने में सफलता मिली है। बालिका के परिजनों ने आगरा पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए भूरि-भूरि प्रशंसा की।

जानकारी के अनुसार थाना जगदीशपुरा पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान बोदला चौकी क्षेत्र में एक 11 वर्षीय बालिका अकेली और असहाय अवस्था में मिली। पूछताछ के दौरान बालिका अपने पिता का नाम अथवा घर का पता बताने में असमर्थ थी, जिससे उसकी पहचान कर पाना चुनौतीपूर्ण हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जगदीशपुरा पुलिस ने तत्काल बालिका के परिवारजनों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और विभिन्न स्थानों पर जाकर जानकारी जुटाई। इसके अलावा आगरा कमिश्नरेट के सभी थानों से भी बालिका की गुमशुदगी के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को पता चला कि तीन दिन पूर्व थाना हरीपर्वत में बालिका की गुमशुदगी के संबंध में मु0अ0सं0 189/2026 दर्ज किया गया था। जांच के आधार पर बालिका की पहचान सुनिश्चित की गई और उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया।

इसके बाद पुलिस ने बालिका को सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजन भावुक हो उठे और उन्होंने आगरा पुलिस, विशेष रूप से थाना जगदीशपुरा पुलिस टीम की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की जमकर सराहना की।

पुलिस की सक्रियता से एक परिवार की खुशियां लौट आईं और बालिका सुरक्षित अपने घर पहुंच सकी।

video

Pages